Top News

Paonta Sahib: त्योहारों से पहले पांवटा साहिब में प्रशासन की दबिश, 3 घरेलू गैस सिलिंडर जब्त...

त्योहारों से पहले पांवटा साहिब में प्रशासन की दबिश, 3 घरेलू गैस सिलिंडर जब्त,

सबसे तेज खबर/पांवटा साहिब

पांवटा साहिब में त्योहारी सीजन के मद्देनजर शुक्रवार को प्रशासन ने मुख्य बाजार में औचक निरीक्षण कर खाद्य सामग्री की गुणवत्ता और नियमों के उल्लंघन की जांच की। एसडीएम पांवटा साहिब द्विज गोयल की अध्यक्षता में खाद्य आपूर्ति एवं उपभोक्ता मामले विभाग और खाद्य सुरक्षा विभाग की संयुक्त टीम ने बाजार में कार्रवाई की। इस दौरान करीब 20 व्यापारिक प्रतिष्ठानों का निरीक्षण किया गया, जिसमें दो दुकानों पर घरेलू गैस सिलिंडरों का व्यावसायिक उपयोग किए जाने का मामला सामने आया। प्रशासन ने कार्रवाई करते हुए तीन घरेलू गैस सिलिंडर जब्त कर लिए।

निरीक्षण अभियान में खाद्य आपूर्ति विभाग के निरीक्षक राजेंद्र सिंह और खाद्य सुरक्षा अधिकारी प्रियंका कश्यप शामिल रहे। टीम ने दुकानों में उपलब्ध खाद्य सामग्री की गुणवत्ता की जांच की और यह भी देखा कि कहीं घरेलू गैस सिलिंडरों का इस्तेमाल व्यावसायिक गतिविधियों के लिए तो नहीं किया जा रहा है। जांच के दौरान नियमों का उल्लंघन पाए जाने पर संबंधित प्रतिष्ठानों से सिलिंडर जब्त किए गए।

अचानक हुई इस कार्रवाई से मुख्य बाजार के व्यापारियों में हड़कंप मच गया। प्रशासन ने स्पष्ट किया कि खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता से किसी भी तरह का समझौता बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। खासकर त्योहारों के दौरान मिठाइयों और अन्य खाद्य सामग्री में मिलावट रोकने के लिए दुकानों की जांच की जा रही है, ताकि उपभोक्ताओं को सुरक्षित और गुणवत्तापूर्ण खाद्य पदार्थ उपलब्ध हो सकें।

एसडीएम द्विज गोयल ने बताया कि त्योहारी सीजन को देखते हुए बाजार की दुकानों का निरीक्षण किया गया है। उन्होंने मिठाई विक्रेताओं को गुणवत्ता बनाए रखने और मिलावटी सामग्री की बिक्री से बचने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि उपभोक्ताओं के स्वास्थ्य के साथ खिलवाड़ करने वालों और नियमों का उल्लंघन करने वाले कारोबारियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। त्योहारी सीजन के दौरान प्रशासन का यह निरीक्षण अभियान आगे भी जारी रहेगा।

Post a Comment

أحدث أقدم

ads3

सबसे तेज खबर

ads2

सबसे तेज खबर

🎧 LIVE FM RADIO




🔊 Volume