Top News

JBT भर्ती के चयनित अभ्यर्थियों के लिए जरूरी सूचना, 16 व 17 अक्टूबर को नाहन में होगी दस्तावेजों की जांच....

JBT भर्ती के चयनित अभ्यर्थियों के लिए जरूरी सूचना, 16 व 17 अक्टूबर को नाहन में होगी दस्तावेजों की जांच....

सबसे तेज खबर/नाहन

हिमाचल प्रदेश में कनिष्ठ बुनियादी अध्यापक (JBT) भर्ती पोस्ट कोड-25004 के तहत चयनित अभ्यर्थियों के दस्तावेज सत्यापन की तिथियां निर्धारित कर दी गई हैं। जिला सिरमौर में चयनित अभ्यर्थियों के मूल दस्तावेजों की जांच 16 और 17 अक्टूबर 2026 को नाहन स्थित उप-निदेशक स्कूल शिक्षा (प्रारंभिक) कार्यालय में की जाएगी। अभ्यर्थियों को निर्धारित तिथि पर सभी आवश्यक मूल दस्तावेजों के साथ कार्यालय पहुंचकर सत्यापन प्रक्रिया पूरी करवानी होगी।

उप-निदेशक प्रारंभिक शिक्षा जिला सिरमौर राजीव ठाकुर ने जानकारी देते हुए बताया कि हिमाचल प्रदेश चयन आयोग, हमीरपुर द्वारा चयनित अभ्यर्थियों के नामों की अनुशंसा निदेशालय स्कूल शिक्षा, हिमाचल प्रदेश को भेजी गई है। निदेशालय से प्राप्त रिकॉर्ड और निर्देशों के अनुसार दस्तावेज सत्यापन के लिए 16 व 17 अक्टूबर 2026 की तिथि तय की गई है। उन्होंने बताया कि सभी चयनित अभ्यर्थियों को अपने शैक्षणिक एवं व्यावसायिक योग्यता से संबंधित मूल प्रमाणपत्र साथ लाने होंगे। इनमें मैट्रिकुलेशन प्रमाणपत्र, व्यावसायिक योग्यता का प्रमाणपत्र अथवा डिग्री, JBT/D.El.Ed की विस्तृत अंकतालिका और शिक्षक पात्रता परीक्षा (JBT) का प्रमाणपत्र शामिल हैं।

इसके अतिरिक्त अभ्यर्थियों को बोनाफाइड हिमाचली प्रमाणपत्र, एक पासपोर्ट साइज फोटो, एसडीओ (नागरिक)/तहसीलदार/नायब तहसीलदार द्वारा जारी चरित्र प्रमाणपत्र और रोजगार कार्यालय पंजीकरण कार्ड भी साथ लाना होगा। आरक्षित वर्ग के अभ्यर्थियों को अपनी श्रेणी के अनुसार EWS, अनुसूचित जाति, अनुसूचित जनजाति या अन्य पिछड़ा वर्ग का प्रमाणपत्र प्रस्तुत करना होगा। इसके अलावा बीपीएल (BLP) उप-श्रेणी प्रमाणपत्र तथा अन्य संबंधित दस्तावेज, यदि लागू हों, तो साथ लाने के निर्देश दिए गए हैं। उप-निदेशक राजीव ठाकुर ने सभी चयनित अभ्यर्थियों से निर्धारित तिथियों पर नाहन कार्यालय पहुंचकर दस्तावेज सत्यापन सुनिश्चित करने की अपील की है। उन्होंने बताया कि इस संबंध में जिला लोक संपर्क अधिकारी को दैनिक समाचार पत्रों में सूचना प्रकाशित करवाने के निर्देश भी दिए गए हैं, ताकि सभी संबंधित अभ्यर्थियों तक जानकारी पहुंच सके।

Post a Comment

أحدث أقدم

ads3

सबसे तेज खबर

ads2

सबसे तेज खबर

🎧 LIVE FM RADIO




🔊 Volume