एकादशी पर पांवटा साहिब में मीठे पानी की छबील, कैंसर जागरूकता का भी दिया संदेश..
सबसे तेज खबर/ पांवटा साहिब (नीलम ठाकुर)
एकादशी के पावन अवसर पर जिला सिरमौर के पांवटा साहिब स्थित श्री विश्वकर्मा मंदिर में राहगीरों के लिए मीठे पानी की छबील लगाई गई। इस दौरान श्रद्धालुओं और राहगीरों को शीतल जल वितरित कर पुण्य लाभ अर्जित किया गया। साथ ही, संजीवनी लाइफ बियॉन्ड कैंसर संस्था की ओर से कैंसर जागरूकता अभियान भी चलाया गया। अभियान के तहत लोगों को स्वस्थ जीवनशैली अपनाने, कैंसर के शुरुआती लक्षणों की पहचान करने तथा नियमित स्वास्थ्य जांच करवाने के महत्व के बारे में जानकारी दी गई।
आयोजकों ने कहा कि कैंसर से बचाव और समय पर उपचार के लिए जागरूकता बेहद आवश्यक है। उन्होंने लोगों से संतुलित आहार, नियमित व्यायाम और स्वस्थ दिनचर्या अपनाने की अपील की। एकादशी व्रत के महत्व पर प्रकाश डालते हुए बताया गया कि यह व्रत तन और मन को शुद्ध करने के साथ-साथ भगवान के प्रति श्रद्धा और भक्ति को सुदृढ़ करता है। कार्यक्रम के अंत में सभी के स्वस्थ, सुखी और मंगलमय जीवन की कामना करते हुए भगवान श्रीकृष्ण का आशीर्वाद सभी पर बना रहने की प्रार्थना की गई।
إرسال تعليق