सबसे तेज खबर/ मंडी
हिमाचल प्रदेश के मंडी जिले के सरकाघाट क्षेत्र में मंगलवार सुबह एक बड़ा सड़क हादसा टल गया, जब सरकाघाट आ रही एक सरकारी बस भटेड़ा चौकी के समीप सड़क से पलटकर नीचे की ओर फंस गई। हादसे में बस चालक, परिचालक और एकमात्र यात्री को मामूली चोटें आई हैं। तीनों को उपचार के लिए नागरिक अस्पताल बलद्वाड़ा पहुंचाया गया, जहां उनकी हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है।
जानकारी के अनुसार, सुबह करीब 10 बजे कमलाह-मंडी-ठाणा चौकी रूट पर चलने वाली सरकाघाट डिपो की बस ठाणा चौकी गांव के समीप अचानक दुर्घटनाग्रस्त हो गई। बस में चालक और परिचालक के अलावा केवल एक यात्री सवार था। हादसे के बाद बस सड़क से नीचे की ओर पलट गई, लेकिन सौभाग्यवश वह किनारे पर ही अटक गई। यदि बस और नीचे खाई की ओर लुढ़क जाती तो बड़ा जानी नुकसान हो सकता था।
हादसे के कारणों का अभी तक पता नहीं चल पाया है। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी है। स्थानीय नेता मनीष ने बताया कि दुर्घटना में चालक और परिचालक दोनों घायल हुए हैं। परिचालक का बलद्वाड़ा अस्पताल में उपचार चल रहा है, जबकि चालक को बेहतर इलाज के लिए मेडिकल कॉलेज नेरचौक रेफर किया गया है। उन्होंने दोनों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की है।
إرسال تعليق