सबसे तेज खबर/ पांवटा साहिब
जिला सिरमौर में नशा तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत पुलिस थाना माजरा को एक और बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए एक व्यक्ति के कब्जे से 956 ग्राम चूरा पोस्त (भुक्की) बरामद किया है।
पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार थाना माजरा की टीम नियमित गश्त पर थी। इस दौरान टीम पोल टेक्निकल कॉलेज के समीप गांव घुंगलों सड़क पर मौजूद थी। तभी मिली गुप्त सूचना के आधार पर पुलिस ने कार्रवाई करते हुए अयूब खान उर्फ सोनी पुत्र असलम खान निवासी गांव घुंगलों, डाकघर धौलाकुआं, तहसील पांवटा साहिब को जांच के लिए रोका।
तलाशी के दौरान आरोपी के कब्जे से कुल 956 ग्राम चूरा पोस्त (भुक्की) बरामद हुई। बरामदगी के बाद पुलिस ने आरोपी को हिरासत में ले लिया और उसके खिलाफ पुलिस थाना माजरा में नारकोटिक ड्रग्स एंड साइकोट्रोपिक सब्सटेंस (NDPS) अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया गया। पुलिस मामले की गहन जांच कर रही है तथा यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि बरामद मादक पदार्थ कहां से लाया गया था और इसे कहां सप्लाई किया जाना था। जिला पुलिस ने नशे के कारोबार में संलिप्त लोगों के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रखने की बात कही है।
إرسال تعليق