13 जुलाई को पीएम श्री आदर्श विद्यालय पांवटा साहिब में होगा एसएमसी चुनाव, अभिभावकों से अधिक संख्या में भाग लेने की अपील...
सबसे तेज खबर/ पांवटा साहिब
पीएम श्री राजकीय आदर्श वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला, पांवटा साहिब में 13 जुलाई (सोमवार) को प्रातः 11:00 बजे विद्यालय प्रबंधन समिति (SMC) की आम बैठक आयोजित की जाएगी। बैठक में आगामी दो शैक्षणिक वर्षों के लिए नई विद्यालय प्रबंधन समिति का गठन किया जाएगा। इस दौरान अध्यक्ष और उपाध्यक्ष सहित कार्यकारिणी का चुनाव संपन्न होगा।
नई कार्यकारिणी के गठन के बाद भवन समिति और शैक्षणिक समिति का भी गठन किया जाएगा। शैक्षणिक समिति विद्यालय की वर्षभर की शैक्षणिक गतिविधियों की निगरानी करेगी, जबकि भवन समिति विद्यालय में 30 लाख रुपये तक के सिविल कार्यों के क्रियान्वयन की जिम्मेदारी निभाएगी। विद्यालय में होने वाले विकास कार्यों का प्रतिवर्ष सामाजिक अंकेक्षण (सोशल ऑडिट) भी किया जाएगा। इसके अलावा विद्यालय प्रबंधन समिति सरकारी विभागों एवं औद्योगिक इकाइयों के सहयोग से कॉर्पोरेट सामाजिक दायित्व (CSR) से जुड़े कार्यों को भी आगे बढ़ाएगी।
विद्यालय में एक हजार से अधिक विद्यार्थी अध्ययनरत हैं, जिसके आधार पर 20 से 25 सदस्यों वाली विद्यालय प्रबंधन समिति का गठन किया जाएगा। समिति में 75 प्रतिशत सदस्य विद्यार्थियों के माता-पिता एवं अभिभावकों में से चुने जाएंगे, जबकि शेष 25 प्रतिशत सदस्यों में स्थानीय निकाय के प्रतिनिधि, शिक्षाविद, पूर्व विद्यार्थी, आंगनवाड़ी कार्यकर्ता तथा विद्यालय के शिक्षक शामिल होंगे। समिति में महिलाओं की भागीदारी कम से कम 50 प्रतिशत सुनिश्चित की जाएगी।
प्रधानाचार्य मुंशी राम वर्मा, स्टाफ सचिव रमेश चौहान एवं समस्त विद्यालय स्टाफ ने विद्यालय में अध्ययनरत सभी विद्यार्थियों के अभिभावकों से 13 जुलाई को अधिक से अधिक संख्या में बैठक में पहुंचकर लोकतांत्रिक प्रक्रिया में भाग लेने तथा विद्यालय के शैक्षणिक एवं विकास कार्यों को सशक्त बनाने में अपना योगदान देने की अपील की है।
إرسال تعليق