राजगढ़ में अवैध शराब की बड़ी खेप पकड़ी: पिकअप से 100 पेटियां देसी शराब बरामद, चालक गिरफ्तार
जिला सिरमौर के पुलिस थाना राजगढ़ के अंतर्गत पुलिस चौकी यशवंतनगर की टीम ने नियमित गश्त एवं यातायात जांच के दौरान अवैध शराब की बड़ी खेप बरामद करने में सफलता हासिल की है। शायाघाट के समीप पुलिस ने सनौरा की ओर से आ रही एक पिकअप (HP63A-2142) को जांच के लिए रोका।
वाहन चालक ने अपनी पहचान जयप्रकाश (32) निवासी देवठी मझगांव, तहसील राजगढ़, जिला सिरमौर के रूप में बताई। संदेह होने पर वाहन की तलाशी ली गई, जिसमें गत्ते की पेटियों में रखी 'पैराडाइज संतरा' ब्रांड की 100 पेटियां देसी शराब बरामद हुईं। सभी बोतलों पर "Sale in Himachal Pradesh Only" अंकित था। पुलिस के अनुसार चालक बरामद शराब के संबंध में कोई वैध लाइसेंस या परमिट प्रस्तुत नहीं कर सका। इसके बाद पुलिस ने शराब की खेप और पिकअप वाहन को कब्जे में लेकर आरोपी के खिलाफ हिमाचल प्रदेश आबकारी अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर लिया है। मामले की जांच जारी है।
إرسال تعليق