सबसे तेज खबर/पांवटा साहिब
पांवटा साहिब-शिलाई सड़क पर राजबन क्षेत्र के किशनकोट के पास हुए सड़क हादसे में बाइक सवार एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दूसरा युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसा उस समय हुआ, जब बाइक आगे चल रही पिकअप से पीछे की ओर टकरा गई। दुर्घटना के बाद क्षेत्र में शोक का माहौल है। मृतक की पहचान विकेश (26) पुत्र रंगीलाल निवासी मालगी, राजबन के रूप में हुई है। वहीं, घायल युवक गौरव (18) निवासी सिरमौरी ताल बताया जा रहा है। जानकारी के अनुसार, बाइक की रफ्तार तेज होने के कारण चालक वाहन पर नियंत्रण नहीं रख पाया और बाइक पिकअप से जा टकराई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि विकेश ने मौके पर ही दम तोड़ दिया, जबकि गौरव गंभीर रूप से घायल हो गया।
हादसे के बाद मौके पर पहुंचे स्थानीय लोगों ने राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया और घायल युवक को उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया। सिविल अस्पताल में प्राथमिक उपचार के बाद गौरव की गंभीर हालत को देखते हुए उसे हायर सेंटर रेफर कर दिया गया। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और मृतक के शव को कब्जे में लेकर आगामी कार्रवाई शुरू की। हादसे की खबर मिलते ही मृतक के परिजनों और क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। डीएसपी पांवटा साहिब मानवेंद्र सिंह ठाकुर ने हादसे की पुष्टि करते हुए बताया कि पुलिस मामले में आगामी कार्रवाई कर रही है।
إرسال تعليق