हिमाचल प्रदेश के सरकारी स्कूलों में 30 नवंबर तक ही होंगे वार्षिक पारितोषिक समारोह, पढ़ाई प्रभावित होने पर होगी सख्त कार्रवाई..
सबसे तेज खबर/शिमला
हिमाचल प्रदेश के सरकारी स्कूलों में वार्षिक पारितोषिक समारोह आयोजित करने को लेकर शिक्षा विभाग ने सख्त रुख अपनाया है। विभाग के निर्देशों के अनुसार प्रदेश के सरकारी स्कूलों में वार्षिक समारोह 30 नवंबर तक ही आयोजित किए जा सकेंगे। इसके बाद दिसंबर महीने में समारोह आयोजित करने की अनुमति नहीं होगी। शिक्षा विभाग के अनुसार, कई सरकारी स्कूलों में दिसंबर महीने के दौरान भी वार्षिक समारोह आयोजित किए जा रहे थे। इससे विद्यार्थियों की नियमित पढ़ाई प्रभावित होने की आशंका रहती है। इसी को देखते हुए विभाग ने पहले से जारी निर्देशों को दोहराते हुए सभी स्कूलों को निर्धारित समय-सीमा का पालन करने को कहा है।
विभाग ने स्पष्ट किया है कि वार्षिक समारोह के नाम पर विद्यार्थियों की पढ़ाई प्रभावित नहीं होनी चाहिए। सभी स्कूल प्रमुखों और संबंधित अधिकारियों को निर्देशों का सख्ती से पालन करवाने के लिए कहा गया है। वहीं, आदेशों की अवहेलना करने और पढ़ाई प्रभावित होने की स्थिति में संबंधित अधिकारियों के खिलाफ अनुशासनात्मक कार्रवाई की जा सकती है। शिक्षा निदेशालय ने सभी उपनिदेशकों को अपने अधीन आने वाले स्कूलों में इन निर्देशों का पालन सुनिश्चित करवाने को कहा है। विभाग का उद्देश्य है कि वार्षिक समारोह भी आयोजित हों और विद्यार्थियों की नियमित पढ़ाई पर भी इसका कोई प्रतिकूल असर न पड़े। अब सरकारी स्कूलों को 30 नवंबर तक ही वार्षिक पारितोषिक समारोह आयोजित करने होंगे।
إرسال تعليق