रंगों, दीपों और कलात्मक प्रतिभा से जगमगाया तरुवाला स्कूल,रंगोत्सव में विद्यार्थियों ने दिखाई रचनात्मकता...
सबसे तेज खबर/पांवटा साहिब
पीएम श्री राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय पांवटा साहिब में दीपावली पर्व के उपलक्ष्य में रंगोत्सव का आयोजन बड़े हर्षोल्लास एवं उत्साह के साथ किया गया। इस दौरान विद्यालय परिसर रंग-बिरंगी रंगोलियों, आकर्षक दीपों और खूबसूरत सजावट से जगमगा उठा। विद्यार्थियों ने विभिन्न रचनात्मक प्रतियोगिताओं में भाग लेकर अपनी कला और कल्पनाशीलता का शानदार प्रदर्शन किया। विद्यालय के प्रधानाचार्य के मार्गदर्शन में आयोजित रंगोत्सव के दौरान रंगोली प्रतियोगिता, आर्ट एंड क्राफ्ट, दीप सजावट तथा तोरण निर्माण जैसी गतिविधियां करवाई गईं। विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए अपनी रचनात्मक सोच और कलात्मक प्रतिभा का परिचय दिया।
प्रतियोगिताओं के मूल्यांकन के लिए राजिंदर सिंह, अजय शर्मा, कामिनी, सुमति एवं अर्पणा निर्णायक मंडल के रूप में उपस्थित रहे। उन्होंने विभिन्न गतिविधियों में विद्यार्थियों के प्रदर्शन का मूल्यांकन किया। कार्यक्रम के दौरान सभी विद्यार्थियों को मिठाइयां वितरित की गईं तथा प्रतियोगिताओं में प्रथम, द्वितीय और तृतीय स्थान हासिल करने वाले प्रतिभागियों को पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया। इस अवसर पर प्रधानाचार्य ने विद्यार्थियों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि शिक्षा का उद्देश्य केवल किताबी ज्ञान देना नहीं, बल्कि विद्यार्थियों की छिपी प्रतिभा और रचनात्मक क्षमताओं को निखारना भी है।
ऐसी गतिविधियां बच्चों में आत्मविश्वास, सहयोग और सांस्कृतिक मूल्यों की भावना विकसित करती हैं। कार्यक्रम का सफल संचालन रंगोत्सव प्रभारी जसकीरत कौर के मार्गदर्शन में किया गया। इस दौरान शिक्षिकाओं मिस काजल, मिस रीना, बबीता एवं वंदना ने भी विद्यार्थियों का मार्गदर्शन किया। रंगोत्सव का आयोजन विद्यार्थियों के लिए अपनी प्रतिभा दिखाने और दीपावली की खुशियां साझा करने का यादगार अवसर बना।
إرسال تعليق