सबसे तेज खबर के संपादक व दून प्रेस क्लब पांवटा साहिब के अध्यक्ष मुकेश रमौल को हिमाचल प्रदेश यूनियन ऑफ जर्नलिस्ट्स प्रदेश कार्यकारिणी में मिली जिम्मेदारी, जिला सिरमौर के पत्रकारों के हितों की आवाज बनेंगे मुकेश रमौल...
सबसे तेज़ ख़बर/सिरमौर
पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय भूमिका निभा रहे सबसे तेज खबर के संपादक एवं दून प्रेस क्लब पांवटा साहिब के अध्यक्ष मुकेश रमौल को हिमाचल प्रदेश यूनियन ऑफ जर्नलिस्ट्स (HPUJ) की प्रदेश कार्यकारिणी में शामिल किया गया है। नेशनल यूनियन ऑफ जर्नलिस्ट्स (इंडिया) से संबद्ध HPUJ की प्रदेश कार्यकारिणी में उन्हें प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य की जिम्मेदारी सौंपी गई है। उनकी नियुक्ति से सिरमौर जिला के पत्रकारों में खुशी का माहौल है। HPUJ ने प्रदेश में संगठनात्मक ढांचे को मजबूत करने और पत्रकारों से जुड़े मुद्दों को प्रभावी ढंग से उठाने के उद्देश्य से प्रदेश कार्यकारिणी का विस्तार किया है। संगठन के प्रदेश अध्यक्ष जोगिंद्र देव आर्य ने ऊना में पहले चरण की नियुक्तियों की सूची जारी की। इसके तहत सात पत्रकारों को प्रदेश उपाध्यक्ष नियुक्त किया गया है, जबकि अन्य पदों पर भी नियुक्तियां की गई हैं। कार्यकारिणी के दूसरे चरण की सूची 16 नवंबर को जारी की जाएगी।
प्रदेश कार्यकारिणी में मुकेश रमौल के साथ राम पाल को भी सदस्य के रूप में शामिल किया गया है। वहीं अमित डोभाल, राम स्वरूप और नवीन सूद को प्रदेश सचिव तथा स्पर्श शर्मा को प्रदेश प्रवक्ता की जिम्मेदारी दी गई है। प्रदेश अध्यक्ष जोगिंद्र देव आर्य ने कहा कि संगठन का मुख्य उद्देश्य प्रदेश के सभी 12 जिलों में पत्रकारों को एक मजबूत साझा मंच उपलब्ध करवाना और उनके अधिकारों एवं हितों की रक्षा के लिए सामूहिक प्रयास करना है। पत्रकारों की सुरक्षा, सम्मान, सामाजिक एवं आर्थिक हितों तथा कल्याण से जुड़े मुद्दों को सरकार और प्रशासन के समक्ष प्रभावी ढंग से उठाया जाएगा। मुकेश रमौल ने प्रदेश कार्यकारिणी में शामिल किए जाने पर संगठन का आभार जताते हुए कहा कि वह पत्रकारों के हितों और अधिकारों की रक्षा के लिए पूरी जिम्मेदारी के साथ अपनी भूमिका निभाएंगे। विशेष रूप से सिरमौर जिला के पत्रकारों की समस्याओं, मांगों और हितों को संगठन के मंच पर प्रमुखता से उठाने का प्रयास करेंगे। उन्होंने कहा कि पत्रकारिता से जुड़े साथियों की एकजुटता और सम्मान के लिए मिलकर काम करना उनकी प्राथमिकता रहेगी।
प्रदेश अध्यक्ष जोगिंद्र देव आर्य ने कहा कि कार्यकारिणी का विस्तार चरणबद्ध तरीके से किया जा रहा है। दूसरे चरण में शेष नियुक्तियां की जाएंगी, ताकि प्रदेश के सभी 12 जिलों में संगठन की उपस्थिति और गतिविधियों को प्रभावी बनाया जा सके। उन्होंने कहा कि संगठन का उद्देश्य पत्रकारों को साझा मंच उपलब्ध करवाना, उनकी समस्याओं को संबंधित सरकार एवं प्रशासन के समक्ष उठाना और उनके अधिकारों की रक्षा के लिए सामूहिक प्रयास करना है। जोगिंद्र देव आर्य ने कहा कि पत्रकार लोकतंत्र में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। वे जनसमस्याओं को सामने लाने के साथ-साथ जनता और शासन-प्रशासन के बीच संवाद का माध्यम भी बनते हैं। ऐसे में पत्रकारों की सुरक्षा, सम्मान, सामाजिक एवं आर्थिक हितों और कल्याण से जुड़े मुद्दों पर गंभीरता से काम करने की जरूरत है। उन्होंने नवनियुक्त पदाधिकारियों से संगठनात्मक एकजुटता बनाए रखने और पत्रकारों से जुड़े मुद्दों को प्राथमिकता देने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि संगठन को जमीनी स्तर पर मजबूत बनाने के लिए अधिक से अधिक पत्रकारों को इससे जोड़ने की दिशा में प्रयास किए जाएंगे। अब संगठन की आगामी रणनीति दूसरे चरण की नियुक्तियों और प्रदेश के सभी जिलों में संगठनात्मक गतिविधियों के विस्तार पर केंद्रित रहेगी। इससे यह तय होगा कि HPUJ पत्रकारों की स्थानीय समस्याओं को किस तरह एक साझा मंच पर लाकर प्रभावी ढंग से उठा पाता है।
إرسال تعليق