PM श्री रा.व.मा. विद्यालय पांवटा साहिब में अंडर-14 जिला स्तरीय खेलकूद प्रतियोगिता का आगाज, खिलाड़ियों ने दिखाया उत्साह..
सबसे तेज खबर/पांवटा साहिब
पीएम श्री राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय पांवटा साहिब में अंडर-14 जिला स्तरीय टूर्नामेंट का शुभारंभ उत्साह और खेल भावना के साथ हुआ। प्रतियोगिता का शुभारंभ प्रधानाचार्य जे.एस. कन्याल के मार्गदर्शन में डॉ. एस. नरेंद्र पाल सिंह नारंग ने किया। इस अवसर पर डॉ. नारंग ने खिलाड़ियों को संबोधित करते हुए खेलों के साथ-साथ स्वच्छता, अनुशासन, गुरुजनों एवं मार्गदर्शकों के निर्देशों का पालन करने और सच्ची खेल भावना के साथ प्रतियोगिता में भाग लेने का संदेश दिया। उन्होंने खिलाड़ियों को पूरे उत्साह के साथ अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करने के लिए प्रेरित किया।
कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों ने रंगारंग सांस्कृतिक प्रस्तुतियां भी दीं। लोक नृत्य, भांगड़ा और हिमाचली नाटी की शानदार प्रस्तुतियों ने उपस्थित लोगों का मन मोह लिया। सांस्कृतिक कार्यक्रम ने आयोजन में उत्साह और उमंग का माहौल बना दिया। कार्यक्रम में माया राम, पंचायत प्रधान प्रीतिका सैनी, पूर्व प्रधान गुरमीत सिंह सैनी तथा प्रधानाचार्य जीवन जोशी सहित विद्यालय का समस्त स्टाफ मौजूद रहा। सभी ने प्रतियोगिता में भाग लेने पहुंचे खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन किया। अंडर-14 जिला स्तरीय टूर्नामेंट के शुभारंभ के साथ ही विद्यालय परिसर में खेल प्रतिभाओं के बीच प्रतिस्पर्धा का माहौल बन गया। आयोजकों ने सभी खिलाड़ियों को बेहतर प्रदर्शन और उज्ज्वल भविष्य के लिए शुभकामनाएं दीं।
एक टिप्पणी भेजें