Top News

नाहन में 29 अक्टूबर तक निषेधाज्ञा लागू:पांच या अधिक लोगों के एकत्र होने पर रोक,संवेदनशील इलाकों में पुलिस अलर्ट....

नाहन में 29 अक्टूबर तक निषेधाज्ञा लागू:पांच या अधिक लोगों के एकत्र होने पर रोक,संवेदनशील इलाकों में पुलिस अलर्ट....

सबसे तेज खबर /नाहन

नाहन के वाल्मीकि चौक पर दो समुदायों के बीच हुए हिंसक विवाद के बाद जिला प्रशासन ने कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए सख्त कदम उठाए हैं। शहर के संवेदनशील क्षेत्रों में भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (BNSS) की धारा 163 के तहत 26 से 29 अक्टूबर तक निषेधाज्ञा लागू की गई है। 27 अक्टूबर को प्रस्तावित विरोध प्रदर्शन को देखते हुए प्रशासन और पुलिस पूरी तरह सतर्क हैं।उपायुक्त सिरमौर प्रियंका वर्मा ने पुलिस से प्राप्त खुफिया सूचनाओं के आधार पर यह आदेश जारी किया है। प्रशासन के अनुसार, 23 अक्टूबर को वाल्मीकि चौक पर दो समुदायों के बीच विवाद हिंसक हो गया था। इस दौरान दोनों पक्षों के बीच पथराव हुआ, जिसमें पुलिस कर्मियों सहित कई लोग घायल हुए थे। वहीं, सार्वजनिक और निजी संपत्ति को भी नुकसान पहुंचा था। हालांकि, पुलिस ने स्थिति पर काबू पा लिया था, लेकिन दोबारा तनाव बढ़ने की आशंका को देखते हुए एहतियाती कदम उठाए गए हैं। खुफिया सूचनाओं के मुताबिक, 27 अक्टूबर को सुबह 10 बजे हिमाचल प्रदेश, पंजाब, हरियाणा और चंडीगढ़ से दोनों समुदायों के बड़ी संख्या में लोगों के वाल्मीकि चौक पर एकत्र होकर प्रदर्शन करने की आशंका जताई गई है।

 प्रशासन को आशंका है कि भीड़ जुटने से दोबारा टकराव की स्थिति पैदा हो सकती है और शहर की कानून -व्यवस्था प्रभावित हो सकती है। जारी आदेश के तहत बिना अनुमति पांच या अधिक व्यक्तियों के एकत्र होने, रैली निकालने, जुलूस, धरना-प्रदर्शन, नारेबाजी और सड़क जाम करने पर प्रतिबंध रहेगा। इसके अलावा लाठी-डंडे, तलवार, भाला और अन्य घातक हथियार लेकर चलने, पथराव, आगजनी, भड़काऊ भाषण देने, सांप्रदायिक नारे लगाने और आपत्तिजनक पोस्टर लगाने जैसी गतिविधियों पर भी रोक लगाई गई है। निषेधाज्ञा का दायरा दो सड़का से वाल्मीकि चौक होते हुए दिल्ली गेट तक तथा वाल्मीकि चौक से बस स्टैंड के प्रवेश द्वार तक निर्धारित किया गया है। संबंधित सड़कों के दोनों ओर के क्षेत्र भी इसके अंतर्गत आएंगे। हालांकि, सरकारी ड्यूटी पर तैनात अधिकारियों, पुलिस और सुरक्षा बलों, आवश्यक सेवाओं, चिकित्सा आपातकालीन वाहनों तथा निर्धारित शर्तों के तहत प्रिंट एवं इलेक्ट्रॉनिक मीडिया को छूट दी गई है। जिला प्रशासन ने आम लोगों से शांति और आपसी भाईचारा बनाए रखने की अपील की है। लोगों को अफवाहों पर ध्यान न देने और सोशल मीडिया पर भ्रामक या भड़काऊ सामग्री साझा करने से बचने की सलाह दी गई है। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि निषेधाज्ञा का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी। किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना नजदीकी पुलिस थाने या आपातकालीन हेल्पलाइन नंबर 112 पर देने की अपील की गई है। संवेदनशील क्षेत्रों में स्थिति पर नजर रखने और कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए पर्याप्त पुलिस बल तैनात किया गया है।

Post a Comment

और नया पुराने

ads3

सबसे तेज खबर

ads2

सबसे तेज खबर

🎧 LIVE FM RADIO




🔊 Volume