समाजसेवी गुरदीप सिंह गैरी के सहयोग से श्रीलंका पहुंचे जसबीर सिंह ने जीता गोल्ड: पांवटा साहिब का बढ़ाया मान,आर्थिक तंगी के चलते अधूरा रह सकता था अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिता में खेलने का सपना...
सबसे तेज खबर/पांवटा साहिब
प्रतिभा और मेहनत के बावजूद कई बार आर्थिक अभाव खिलाड़ियों के सपनों के रास्ते में बाधा बन जाते हैं, लेकिन सही समय पर मिला सहयोग किसी की जिंदगी बदल सकता है। ऐसा ही प्रेरणादायी उदाहरण पांवटा साहिब में देखने को मिला है। यहां के समाजसेवी एवं श्री पांवटा साहिब वेलफेयर सोसाइटी के अध्यक्ष गुरदीप सिंह गैरी के सहयोग से कोटड़ी व्यास निवासी जसबीर सिंह ने श्रीलंका में आयोजित दूसरी साउथ एशिया पैरा थ्रो बॉल चैंपियनशिप-2026 में भारत का प्रतिनिधित्व करते हुए स्वर्ण पदक जीतकर देश और क्षेत्र का नाम रोशन किया है। जसबीर सिंह के लिए अंतरराष्ट्रीय स्तर पर देश का प्रतिनिधित्व करना लंबे समय से देखा गया सपना था। खेल के प्रति जुनून, कड़ी मेहनत और प्रतिभा के दम पर उन्होंने इस मुकाम तक पहुंचने का प्रयास किया, लेकिन आर्थिक संसाधनों की कमी उनके लिए बड़ी चुनौती बन रही थी। ऐसे में अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिता में भाग लेने का सपना अधूरा रहने की आशंका थी।
इसी दौरान गुरदीप सिंह गैरी ने आगे आकर जसबीर सिंह को आर्थिक सहायता प्रदान की और उसका हौसला बढ़ाया। उनका यह सहयोग केवल आर्थिक मदद तक सीमित नहीं रहा, बल्कि एक प्रतिभाशाली खिलाड़ी की मेहनत और काबिलियत पर विश्वास जताने की मिसाल भी बना। इस मदद से जसबीर को श्रीलंका में आयोजित प्रतियोगिता में भारत का प्रतिनिधित्व करने का अवसर मिला। इस सफलता का सबसे भावुक पल उस समय आया, जब शाम करीब सात बजे श्रीलंका से जसबीर सिंह ने गुरदीप सिंह गैरी को फोन कर अपनी जीत की सूचना दी। उत्साह से भरे शब्दों में जसबीर ने कहा, "सर! मैंने देश के लिए गोल्ड मेडल जीत लिया है और अपनी यह जीत आपको समर्पित करता हूं। जसबीर सिंह की इस उपलब्धि से पांवटा साहिब सहित पूरे क्षेत्र में खुशी और गर्व का माहौल है। वहीं, गुरदीप सिंह गैरी का यह प्रयास समाज के लिए भी प्रेरणादायी संदेश है कि जरूरतमंद प्रतिभाओं को समय पर प्रोत्साहन और सहयोग देकर उनके सपनों को नई उड़ान दी जा सकती है। जसबीर की स्वर्णिम सफलता ने साबित कर दिया कि किसी खिलाड़ी की प्रतिभा को सही अवसर मिल जाए तो वह अंतरराष्ट्रीय मंच पर भी देश का गौरव बढ़ा सकता है।
एक टिप्पणी भेजें