Paonta Sahib: अनुशासन और देशभक्ति के रंग में रंगा पीएम श्री स्कूल पांवटा साहिब, धूमधाम से मनाया गया NCC स्थापना दिवस...
सबसे तेज खबर/पांवटा साहिब
पीएम श्री राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय, पांवटा साहिब में एनसीसी स्थापना दिवस उत्साह, उमंग और देशभक्ति की भावना के साथ मनाया गया। इस अवसर पर विद्यालय परिसर में विभिन्न शैक्षणिक एवं सांस्कृतिक गतिविधियों का आयोजन किया गया, जिसमें विद्यार्थियों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया। कार्यक्रम के दौरान भाषण प्रतियोगिता, प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के माध्यम से विद्यार्थियों ने अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। वहीं, विभिन्न गतिविधियों में उत्कृष्ट प्रदर्शन एवं सक्रिय सहभागिता करने वाले विद्यार्थियों को प्रमाण-पत्र देकर सम्मानित किया गया। इस अवसर पर एनसीसी कैडेट कार्तिक कपूर ने एनसीसी स्थापना दिवस के इतिहास, उद्देश्य और महत्व पर विस्तारपूर्वक प्रकाश डालते हुए विद्यार्थियों को एनसीसी की भूमिका से अवगत करवाया। उन्होंने बताया कि एनसीसी युवाओं में अनुशासन, नेतृत्व क्षमता, एकता और राष्ट्रसेवा की भावना विकसित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है।
समूचे कार्यक्रम का आयोजन कैप्टन खजान सिंह के कुशल नेतृत्व एवं मार्गदर्शन में किया गया। विद्यालय के समस्त स्टाफ सदस्यों ने कार्यक्रम को सफल बनाने में महत्वपूर्ण सहयोग दिया। विद्यालय के प्रधानाचार्य जोगी राम कन्याल ने अपने संबोधन में विद्यार्थियों को अनुशासन, समय की पाबंदी और जिम्मेदारी का महत्व समझाया। उन्होंने कहा कि अच्छे संस्कार और अनुशासित जीवन ही विद्यार्थियों को एक आत्मविश्वासी एवं जिम्मेदार नागरिक बनाने में सहायक होते हैं। उन्होंने विद्यार्थियों को जीवन के प्रत्येक क्षेत्र में अनुशासन अपनाने और राष्ट्र के प्रति अपने कर्तव्यों का निर्वहन करने के लिए प्रेरित किया। कार्यक्रम का समापन देशभक्ति, अनुशासन और राष्ट्रसेवा के संदेश के साथ हुआ। आयोजन ने विद्यार्थियों में राष्ट्रीय भावना और सकारात्मक मूल्यों को मजबूत करने का संदेश दिया।
एक टिप्पणी भेजें