नेंज मेड साइन्स फार्मा ने 681 विद्यार्थियों को बांटी शैक्षणिक सामग्री, मेधावियों को 12 हजार तक की छात्रवृत्ति
सबसे तेज खबर/पांवटा साहिब
औद्योगिक क्षेत्र रामपुर घाट स्थित प्रतिष्ठित औद्योगिक इकाई नेंज मेड साइन्स फार्मा ने सामाजिक उत्तरदायित्व (CSR) के तहत राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला रामपुर घाट में विशेष कार्यक्रम आयोजित कर विद्यार्थियों को शिक्षा एवं अन्य सुविधाओं के लिए प्रोत्साहित किया। 20 नवंबर को आयोजित इस कार्यक्रम में कंपनी की ओर से कक्षा पहली से बारहवीं तक के करीब 681 विद्यार्थियों को निःशुल्क शैक्षणिक एवं दैनिक उपयोग की सामग्री वितरित की गई। कंपनी की ओर से विद्यार्थियों को सर्दियों के मौसम को ध्यान में रखते हुए गर्म स्वेटर, स्कूल बैग, जूते, जुराबें तथा बिस्कुट, चिप्स सहित अन्य खाद्य सामग्री प्रदान की गई। इस दौरान स्कूली बच्चों ने हिमाचली नाटी, पंजाबी गिद्दा सहित विभिन्न रंगारंग सांस्कृतिक प्रस्तुतियां देकर कार्यक्रम में समां बांधा। बच्चों की प्रस्तुतियों को उपस्थित अतिथियों ने खूब सराहा। कार्यक्रम में कंपनी के मुख्य परिचालन अधिकारी (COO) हरप्रीत सिंह पुरी, मुख्य कार्यकारी अधिकारी एवं प्रबंध निदेशक (CEO & MD) मनमीत सिंह मल्होत्रा, निदेशक बिजनेस डेवलपमेंट बलजीत सिंह गोराया, निदेशक ऑपरेशन्स सुनील वशिष्ट तथा मानव संसाधन विभाग से धीरज शर्मा विशेष रूप से उपस्थित रहे। वहीं, विद्यालय की प्रधानाचार्या वंदना मल्होत्रा, वंदना कपूर, साजिदा बेगम, अंजना तोमर, हेमंत कुमार सहित अन्य शिक्षक एवं विद्यालय स्टाफ भी मौजूद रहा।
मेधावी विद्यार्थियों को 1,000 से 12,000 रुपये तक छात्रवृत्ति
कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण मेधावी विद्यार्थियों के लिए कंपनी की वार्षिक छात्रवृत्ति योजना रही। इसके तहत कक्षा पहली से बारहवीं तक प्रत्येक कक्षा में प्रथम स्थान हासिल करने वाले विद्यार्थी को छात्रवृत्ति प्रदान की गई। कक्षा पहली के विद्यार्थी को 1,000 रुपये से शुरू होकर प्रत्येक अगली कक्षा के लिए 1,000 रुपये की वृद्धि के साथ कक्षा बारहवीं के विद्यार्थी को 12,000 रुपये की वार्षिक छात्रवृत्ति दी गई। इसके अतिरिक्त, खेलकूद प्रतियोगिताओं में राष्ट्रीय स्तर पर चयनित होने की उपलब्धि के लिए छात्रा राधिका और छात्र आकाश को 5,000-5,000 रुपये की प्रोत्साहन राशि प्रदान कर सम्मानित किया गया। वहीं, सांस्कृतिक कार्यक्रमों में भाग लेने वाले प्रत्येक विद्यार्थी को 500 रुपये की पुरस्कार राशि देकर उनका उत्साह बढ़ाया गया। नेंज मेड साइन्स फार्मा की इस पहल से विद्यार्थियों में शिक्षा, खेल और सांस्कृतिक गतिविधियों के प्रति प्रोत्साहन देखने को मिला। कंपनी की ओर से सामाजिक उत्तरदायित्व के तहत आयोजित यह वार्षिक कार्यक्रम विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास की दिशा में सराहनीय प्रयास रहा।
एक टिप्पणी भेजें