Paonta Sahib: ट्रैक्टर जब्त करने की धमकी पड़ी भारी: रिश्वत लेते वन विभाग का अधिकारी रंगे हाथ गिरफ्तार....
सबसे तेज खबर/पांवटा साहिब
यमुना नदी से रेत ले जाने के मामले में दो ट्रैक्टर जब्त करने की धमकी देकर 10 हजार रुपये की रिश्वत मांगना वन विभाग के एक अधिकारी को महंगा पड़ गया। राज्य सतर्कता एवं भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (विजिलेंस) की टीम ने भगानी में तैनात वन विभाग के रेंज ऑफिसर (आरओ) सुमंत को रिश्वत की रकम स्वीकार करते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार किया है। आरोपी के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।
पुलिस अधीक्षक विजिलेंस एनके शर्मा ने मामले की जानकारी देते हुए बताया कि 3 नवंबर को विजिलेंस थाना नाहन में भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम, 1988 की संशोधित धारा 7 के तहत एफआईआर दर्ज की गई। भगानी निवासी इकराम पुत्र इकबाल ने शिकायत में बताया था कि वन विभाग के आरओ सुमंत ने उसके बहनोई जुल्फान को यमुना नदी से रेत ले जाने के मामले में दो ट्रैक्टर जब्त करने की धमकी दी थी। इस कार्रवाई से बचाने के एवज में आरोपी ने 10 हजार रुपये की रिश्वत मांगी थी। शिकायत मिलने के बाद निरीक्षक मनोज कुमार की अगुवाई में विजिलेंस टीम ने पांवटा साहिब में जाल बिछाया। टीम ने योजनाबद्ध तरीके से कार्रवाई करते हुए आरोपी को रिश्वत की रकम लेते हुए रंगे हाथों पकड़ लिया। एसपी विजिलेंस एनके शर्मा ने बताया कि मामले में आगामी जांच जारी है और नियमानुसार कार्रवाई अमल में लाई जा रही है।
एक टिप्पणी भेजें