पांवटा साहिब में नाबालिग से दुष्कर्म का आरोप: पुलिस ने युवक के खिलाफ दर्ज किया मामला..
सबसे तेज खबर/ पांवटा साहिब
जिला सिरमौर के पांवटा साहिब में आपराधिक घटनाओं पर अंकुश लगता नजर नहीं आ रहा है। लगातार सामने आ रहे गंभीर मामलों ने क्षेत्र में कानून-व्यवस्था पर कई सवाल खड़े कर दिए है। इसी कड़ी में एक नाबालिग बच्ची को बहला-फुसलाकर मोटरसाइकिल पर ले जाने और सुनसान स्थान पर उसके साथ जबरदस्ती करने का गंभीर मामला सामने आया है। बच्ची की मां की शिकायत पर पुलिस ने लक्की नामक व्यक्ति के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी। जो पांवटा साहिब के हलवाई का काम करता है। जानकारी के अनुसार, 28 अगस्त को रक्षाबंधन के अवसर पर बच्ची की मां किसी काम से विकासनगर गई हुई थी। शाम करीब सात बजे जब वह वापस घर पहुंची तो उसे अपनी बेटी और बेटा घर पर नहीं मिले। महिला ने अपने पति से बच्चों के बारे में पूछा तो पता चला कि दोनों पांवटा साहिब गुरुद्वारा में खाना खाने गए हैं। बताया जा रहा है कि रात करीब 10 बजे बच्ची का भाई घर वापस पहुंचा। उसने परिजनों को बताया कि उसकी बहन उसके साथ थी, लेकिन गुरुद्वारा ग्राउंड के पास से वह अचानक कहीं चली गई। इसके बाद परिजनों ने बच्ची की तलाश शुरू कर दी।
इसी दौरान तीन युवकों ने पुलिस को सूचना दी कि यमुना विहार के वार्ड नंबर-5 स्थित खेड़ा मंदिर के समीप खेतों में एक बच्ची मदद के लिए चिल्ला रही है। सूचना के बाद युवक मौके पर पहुंचे तो उन्होंने एक व्यक्ति को बच्ची को पकड़े हुए देखा। युवकों को आता देख आरोपी मौके से फरार हो गया। आरोपी की मोटरसाइकिल घटनास्थल पर ही रह गई, जिसे युवकों ने बच्ची के साथ पुलिस थाना पांवटा साहिब पहुंचाया।मिली जानकारी के अनुसार बच्ची मुख्य गुरुद्वारा के बाहर अपने भाई के साथ खेल रही थी। इसी दौरान एक युवक उसे अपनी पत्नी से मिलाने की बात कहकर मोटरसाइकिल पर बैठाकर ले गया। आरोप है कि युवक उसे अस्पताल के समीप वाली सड़क से खेड़ा मंदिर के पास सुनसान स्थान पर ले गया, जहां उसके साथ जबरदस्ती की गई। बच्ची की मां की शिकायत और पुलिस के समक्ष सामने आए तथ्यों के आधार पर थाना पांवटा साहिब में संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है। पुलिस घटना की जांच के साथ आरोपी की तलाश में जुटी हुई है। घटनास्थल से मिली मोटरसाइकिल समेत अन्य साक्ष्यों को भी जांच का हिस्सा बनाया जा रहा है। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच जारी है और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर आगामी कार्रवाई की जाएगी। नाबालिग से जुड़ा मामला होने के कारण पुलिस द्वारा पीड़िता की पहचान को गोपनीय रखा जा रहा है।
एक टिप्पणी भेजें