नाहन हिंसक झड़प मामले में पुलिस की बड़ी कार्रवाई, 11 आरोपी गिरफ्तार,बाल्मीकि चौक पर दो समुदायों के बीच हुआ था पथराव और विवाद
सबसे तेज खबर/सिरमौर,
जिला सिरमौर के नाहन स्थित बाल्मीकि चौक पर 23 अक्टूबर को दो समुदायों के बीच हुई हिंसक झड़प के मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 11 व्यक्तियों को गिरफ्तार किया है। घटना के दौरान हुए पथराव में पुलिस कर्मियों सहित दोनों पक्षों के कुछ लोग घायल हुए थे। इसके अलावा सार्वजनिक और निजी संपत्ति को भी नुकसान पहुंचा था।
मामले की गंभीरता को देखते हुए नाहन पुलिस ने जांच तेज कर दी थी। जांच के दौरान घटना में संलिप्त पाए गए 11 व्यक्तियों को 27 अक्टूबर को गिरफ्तार किया गया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान वासु (37), शिवराज (29), विद्यासागर उर्फ राहुल (31), आर्यन (19), आर्यवीर उर्फ आदि, प्रकाश सिंह उर्फ बादल (24), कुलविंद्र सिंह उर्फ खोजु (24), सुखविंद्र सिंह उर्फ गप्पू (21), गुरजीत सिंह उर्फ गुज्जू (27), तेजपाल सिंह उर्फ तेजू (19) और सोहन सिंह (21) के रूप में हुई है। इनमें पांच आरोपी बाल्मीकि मोहल्ला और छह आरोपी गोविंदगढ़ क्षेत्र के निवासी बताए गए हैं।
पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार सभी आरोपियों को 28 अक्टूबर को माननीय अदालत में पेश किया जाएगा। मामले में अन्य व्यक्तियों की भूमिका की भी जांच की जा रही है। पुलिस घटना से जुड़े साक्ष्यों और तथ्यों के आधार पर नियमानुसार आगामी कानूनी कार्रवाई कर रही है। जिला सिरमौर पुलिस ने आम जनता से क्षेत्र में शांति, सौहार्द और आपसी भाईचारा बनाए रखने की अपील की है। पुलिस ने लोगों से अफवाहों पर ध्यान न देने तथा अपुष्ट या भड़काऊ सामग्री सोशल मीडिया पर साझा करने से बचने का आग्रह किया है। साथ ही कानून-व्यवस्था बनाए रखने में पुलिस और प्रशासन का सहयोग करने की अपील की गई है।
एक टिप्पणी भेजें