Top News

AI के दौर में पत्रकारिता की विश्वसनीयता पर कुरुक्षेत्र में जुटेंगे देशभर के दिग्गज पत्रकार,16 नवंबर को राष्ट्रीय प्रेस दिवस पर होगा राष्ट्रीय स्तर का समारोह...

AI के दौर में पत्रकारिता की विश्वसनीयता पर कुरुक्षेत्र में जुटेंगे देशभर के दिग्गज पत्रकार,16 नवंबर को राष्ट्रीय प्रेस दिवस पर होगा राष्ट्रीय स्तर का समारोह...

सबसे तेज खबर/राजगढ़

राष्ट्रीय प्रेस दिवस के अवसर पर 16 नवंबर 2026 को कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय में राष्ट्रीय स्तर के समारोह का आयोजन किया जाएगा। नेशनल यूनियन ऑफ जर्नलिस्ट्स (इंडिया) (एनयूजेआई) और कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय का इंस्टीट्यूट ऑफ मास कम्युनिकेशन एंड मीडिया टेक्नोलॉजी संयुक्त रूप से इस कार्यक्रम की मेजबानी करेंगे। समारोह में देशभर से वरिष्ठ पत्रकार, मीडिया विशेषज्ञ और पत्रकार संगठनों के प्रतिनिधि हिस्सा लेकर बदलते मीडिया परिदृश्य और पत्रकारिता के भविष्य पर मंथन करेंगे। कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय के सीनेट हॉल में आयोजित होने वाले इस समारोह का मुख्य विषय 'एआई के दौर में पत्रकारिता : चुनौतियों से निपटना और सत्य को बनाए रखना' रखा गया है। कार्यक्रम में हरियाणा के मुख्यमंत्री के मीडिया सलाहकार राजीव जेटली मुख्य अतिथि होंगे, जबकि विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. सोमनाथ सचदेवा समारोह की अध्यक्षता करेंगे। एनयूजेआई के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं खेल टुडे के प्रधान संपादक राकेश थपलियाल तथा संगठन के पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं वरिष्ठ पत्रकार रास बिहारी विशिष्ट अतिथि के रूप में मौजूद रहेंगे।

समारोह में एनयूजेआई के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष डॉ. रणेश राणा, हिमाचल प्रदेश खेल टुडे के प्रबंध संपादक एवं एनयूजेआई के मुख्य चुनाव अधिकारी अशोक किंकर, हरिभूमि के स्थानीय संपादक एवं प्रेस काउंसिल ऑफ इंडिया के पूर्व सदस्य आनंद राणा और हिमाचल प्रदेश यूनियन ऑफ जर्नलिस्ट्स के प्रदेश संगठन मंत्री गोपाल दत्त शर्मा सहित कई वरिष्ठ पत्रकार शिरकत करेंगे। इनके अलावा एनयूजेआई के हरियाणा संयोजक विपुल, हिमाचल प्रदेश यूनियन ऑफ जर्नलिस्ट्स के कोषाध्यक्ष सुनील शर्मा वशिष्ठ, चंडीगढ़ से जंगशेर राणा और दैनिक भास्कर कुरुक्षेत्र से सुरेश राणा भी कार्यक्रम में भाग लेंगे। कार्यक्रम का संयोजन इंस्टीट्यूट ऑफ मास कम्युनिकेशन एंड मीडिया टेक्नोलॉजी की निदेशक प्रो. बिंदु शर्मा कर रही हैं, जबकि डॉ. कंवरदीप शर्मा कार्यक्रम समन्वयक की जिम्मेदारी निभा रहे हैं।

कार्यक्रम के समन्वयक डॉ. कंवरदीप शर्मा ने बताया कि आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई) के बढ़ते इस्तेमाल ने मीडिया जगत में काम करने के तरीकों को तेजी से बदल दिया है। समाचार लेखन, संपादन, तस्वीरों और वीडियो के निर्माण से लेकर सूचना के प्रसार तक एआई की भूमिका लगातार बढ़ रही है। इससे पत्रकारिता में नई संभावनाएं खुली हैं, लेकिन फर्जी तस्वीरों, भ्रामक वीडियो, गलत सूचनाओं और डीपफेक जैसी चुनौतियों ने समाचारों की विश्वसनीयता पर भी सवाल खड़े किए हैं। उन्होंने कहा कि मौजूदा दौर में पत्रकारों के लिए तथ्यों की पुष्टि, सूचनाओं की प्रामाणिकता और निष्पक्षता बनाए रखना बेहद जरूरी हो गया है। राष्ट्रीय प्रेस दिवस समारोह में विशेषज्ञ इस बात पर चर्चा करेंगे कि एआई तकनीक का सकारात्मक उपयोग करते हुए पत्रकारिता की स्वतंत्रता, नैतिक मूल्यों और सामाजिक जिम्मेदारी को किस प्रकार सुरक्षित रखा जा सकता है।समारोह में पत्रकारिता के बदलते स्वरूप, लोकतंत्र में प्रेस की भूमिका और समाचारों की निष्पक्षता जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर भी विचार-विमर्श होगा। देशभर से पहुंचने वाले अनुभवी पत्रकार अपने विचार और अनुभव साझा करेंगे। इससे पत्रकारिता के विद्यार्थियों, शोधार्थियों और मीडिया क्षेत्र से जुड़े लोगों को भी मार्गदर्शन मिलेगा। आयोजकों का मानना है कि यह आयोजन तकनीकी बदलावों के बीच जिम्मेदार, तथ्यपरक और जनहितकारी पत्रकारिता को मजबूत बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण साबित होगा।

Post a Comment

और नया पुराने

ads3

सबसे तेज खबर

ads2

सबसे तेज खबर

🎧 LIVE FM RADIO




🔊 Volume