सिरमौर की बेटी अनिशा शर्मा का AIIMS नागपुर में चयन, डर्मेटोलॉजी में करेंगी एमडी
सबसे तेज खबर/शिलाई
जिला सिरमौर के कफोटा उपमंडल के मस्तभोज क्षेत्र की बेटी अनिशा शर्मा ने बड़ी उपलब्धि हासिल कर क्षेत्र, जिला और प्रदेश का नाम रोशन किया है। मस्तभोज के गुद्दी मानपुर गांव की निवासी अनिशा शर्मा का चयन देश के प्रतिष्ठित अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (AIIMS) नागपुर, महाराष्ट्र में हुआ है, जहां वह त्वचाविज्ञान (Dermatology) विषय में एमडी की पढ़ाई करेंगी।
अनिशा ने हाल ही में आयोजित इंस्टीट्यूट ऑफ नेशनल इंपोर्टेंस कंबाइंड एंट्रेंस टेस्ट (INI-CET) 2026 जैसी कठिन परीक्षा उत्तीर्ण कर यह उपलब्धि हासिल की है। AIIMS नागपुर में चयन के बाद वह डर्मेटोलॉजी विषय में विशेषज्ञता प्राप्त करेंगी।
अनिशा शर्मा के पिता गीता राम शर्मा एलआईसी में डेवलपमेंट ऑफिसर हैं, जबकि उनकी माता कांता शर्मा राजकीय कन्या वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय पांवटा साहिब में पब्लिक एडमिनिस्ट्रेशन विषय की प्रवक्ता हैं।
अनिशा ने पांच वर्ष पूर्व नीट-यूजी परीक्षा उत्तीर्ण कर मेरिट के आधार पर डॉ. यशवंत सिंह परमार मेडिकल कॉलेज, नाहन में प्रवेश प्राप्त किया था। वहां से उन्होंने सफलतापूर्वक एमबीबीएस की पढ़ाई पूरी की। अब INI-CET 2026 में सफलता हासिल कर उन्होंने AIIMS नागपुर में एमडी (डर्मेटोलॉजी) के लिए स्थान प्राप्त किया है।
परिवार की शैक्षणिक उपलब्धियों की कड़ी को आगे बढ़ाते हुए उनके भाई प्रियांशु शर्मा ने भी दो वर्ष पूर्व नीट-यूजी परीक्षा उत्तीर्ण की थी और वर्तमान में डॉ. यशवंत सिंह परमार मेडिकल कॉलेज, नाहन में एमबीबीएस तृतीय वर्ष के छात्र हैं। अनिशा की इस सफलता से मस्तभोज क्षेत्र सहित पूरे गिरिपार और जिला सिरमौर में खुशी का माहौल है। क्षेत्र के लोगों ने अनिशा शर्मा और उनके परिवार को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की है।
एक टिप्पणी भेजें