IIM सिरमौर में 19 वर्षीय BMS छात्र की संदिग्ध मौ*त,धौलाकुआं में मचा हड़कंप,पुलिस जांच में जुटी....
सबसे तेज खबर/पांवटा साहिब (नीलम ठाकुर)
जिला सिरमौर के पांवटा साहिब के धौलाकुआं स्थित IIM सिरमौर परिसर में 19 वर्षीय बीएमएस तृतीय वर्ष के छात्र की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का मामला सामने आया है। मृतक छात्र की पहचान प्रभात शुक्ला (19) के रूप में हुई है, जो मूल रूप से जबलपुर मध्यप्रदेश का रहने वाला बताया जा रहा है। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार मामला आत्महत्या से जुड़ा होने की आशंका जताई जा रही है, हालांकि पुलिस ने मौत के कारणों की अभी अंतिम पुष्टि नहीं की है।
पुलिस ने घटनास्थल से आवश्यक साक्ष्य जुटाने के साथ ही छात्र के साथियों और संस्थान से जुड़े अन्य लोगों से भी पूछताछ की है। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि घटना से पहले छात्र की किसी से बातचीत हुई थी या नहीं तथा किन परिस्थितियों में उसकी मौत हुई। मामले में पोस्टमार्टम रिपोर्ट को भी अहम माना जा रहा है। मामले की पुष्टि करते हुए SP सिरमौर निश्चित सिंह नेगी ने बताया कि पुलिस टीम ने घटना के तुरंत बाद कार्रवाई शुरू कर दी है और सभी पहलुओं की बारीकी से जांच की जा रही है। उन्होंने कहा कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर ही आगामी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी। छात्र की अचानक हुई मौत की खबर से पूरे संस्थान परिसर में शोक का माहौल है। पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है और जांच पूरी होने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा।
एक टिप्पणी भेजें