Sirmour: बायला–खलियाछों वाया मेहत और मेहत–ददाहू सड़क बदहाल, गड्ढों से बढ़ी परेशानी...
सबसे तेज खबर/सिरमौर
नाहन–पांवटा साहिब को जोड़ने वाले महत्वपूर्ण मार्गों में शामिल बायला–खलियाछों वाया मेहत तथा मेहत–ददाहू सड़क की हालत इन दिनों बेहद खराब बनी हुई है। सड़क पर जगह-जगह बड़े-बड़े गड्ढे होने के कारण वाहन चालकों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। इन मार्गों पर प्रतिदिन चलने वाली 2–3 बसों के संचालन पर भी सड़क की बदहाली का असर पड़ रहा है। बरसात के मौसम में समस्या और गंभीर हो गई है। गड्ढों में पानी भर जाने से वाहन चालकों को सड़क की वास्तविक स्थिति का अंदाजा नहीं लग पाता। सबसे अधिक परेशानी दोपहिया वाहन चालकों को उठानी पड़ रही है। स्थानीय लोगों का कहना है कि सड़क की खराब हालत के कारण कभी भी बड़ा हादसा हो सकता है।
इन दोनों मार्गों से कई गांवों के ग्रामीण, विद्यार्थी, कर्मचारी और बस यात्री प्रतिदिन आवागमन करते हैं। ऐसे में सड़क की खराब स्थिति सीधे तौर पर लोगों की रोजमर्रा की आवाजाही को प्रभावित कर रही है। स्थानीय लोगों ने संबंधित विभाग और प्रशासन से सड़क की स्थिति का जल्द निरीक्षण करवाकर आवश्यक कार्रवाई की मांग उठाई है। क्षेत्रवासियों ने मांग की है कि बायला–खलियाछों वाया मेहत और मेहत–ददाहू सड़क के टारिंग एवं सुदृढ़ीकरण के लिए टेंडर प्रक्रिया जल्द पूरी की जाए और निर्माण कार्य प्राथमिकता के आधार पर शुरू करवाया जाए। लोगों का कहना है कि सड़क की हालत सुधारने में देरी किसी बड़ी दुर्घटना का कारण बन सकती है, इसलिए प्रशासन को समय रहते इस दिशा में ठोस कदम उठाने चाहिए।
एक टिप्पणी भेजें