पांवटा साहिब में सरकारी जमीन पर अवैध खनन: JCB-ट्रैक्टर और टिप्पर पकड़े..
सबसे तेज खबर/पांवटा साहिब
जिला सिरमौर के पांवटा साहिब में अवैध खनन के खिलाफ कार्रवाई करते हुए पुलिस ने यमुना नदी के रवाहड़ा क्षेत्र में सरकारी जमीन से रेत और बजरी चोरी करने के आरोप में मामला दर्ज किया है। पुलिस के अनुसार, 18 अक्टूबर 2026 को गश्त के दौरान पुलिस टीम लोअर देवीनगर स्थित यमुना नदी रवाहड़ा पहुंची, जहां एक जेसीबी, एक ट्रैक्टर और एक टिप्पर से अवैध खनन किया जा रहा था। पुलिस टीम को देखकर तीनों वाहनों के चालक मौके से भागने लगे, लेकिन पुलिस ने करीब 100 मीटर दूर उन्हें पकड़ लिया। जांच के दौरान जेसीबी का नंबर UK07HD-0801 और टिप्पर का नंबर HP17G-6448 पाया गया, जबकि ट्रैक्टर पर कोई नंबर प्लेट नहीं लगी थी।
पुलिस के मुताबिक, जेसीबी चालक की पहचान सोनी निवासी खेड़ी, जिला सहारनपुर (उत्तर प्रदेश), टिप्पर चालक की पहचान अजय निवासी लखीमपुर (उत्तर प्रदेश) और ट्रैक्टर चालक की पहचान सुनील निवासी विकासनगर, जिला देहरादून (उत्तराखंड) के रूप में हुई है। पुलिस का आरोप है कि टिप्पर और ट्रैक्टर चालकों ने कार्रवाई के दौरान वाहनों में लदी रेत-बजरी को गिरा दिया।
पुलिस ने सरकारी जमीन से कथित तौर पर अवैध खनन कर रेत-बजरी चोरी करने के मामले में तीनों आरोपियों के खिलाफ थाना पांवटा साहिब में मामला दर्ज कर लिया है। मामले में आगामी जांच जारी है।
एक टिप्पणी भेजें