सबसे तेज खबर/नाहन
जिला सिरमौर के औद्योगिक क्षेत्र काला आम्ब के बर्मा पापड़ी में एक बेहद मार्मिक हादसे ने पूरे क्षेत्र को गमगीन कर दिया। 26 वर्षीय राम लाल की पुल से नीचे गिरने के कारण मौत हो गई। इस हादसे ने एक ऐसे परिवार को पूरी तरह तोड़ दिया, जिसने पहले ही इसी पुल पर अपना एक बेटा खो दिया था। अब महज 100 मीटर के दायरे में उसी पुल से गिरकर दूसरे बेटे की भी जान चली गई। जानकारी के अनुसार, राम लाल के पिता प्रीतम सिंह बुजुर्ग एवं दिव्यांग हैं। उन्हें एक आंख से दिखाई नहीं देता और परिवार की आर्थिक स्थिति भी कमजोर है। राम लाल तीन पहियों वाली रेहड़ी चलाकर मेहनत-मजदूरी करता था और अपने माता-पिता का एकमात्र सहारा था।
बताया जा रहा है कि हादसे के समय उसकी रेहड़ी पुल पर ही खड़ी रह गई, जबकि वह नीचे गिर गया। गिरने से उसके सिर में गंभीर चोटें आईं। स्थानीय लोगों की मदद से उसे पहले पास के चिकित्सक के पास ले जाया गया, जहां से गंभीर हालत को देखते हुए डॉ. वाई.एस. परमार मेडिकल कॉलेज नाहन रेफर किया गया। हालांकि अस्पताल पहुंचने पर चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। इस घटना के बाद पूरे बर्मा पापड़ी क्षेत्र में शोक का माहौल है। स्थानीय लोगों का कहना है कि कुछ समय पहले राम लाल के भाई की भी इसी पुल से गिरने के कारण मौत हुई थी। अब दोनों जवान बेटों को खो चुके बुजुर्ग माता-पिता पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है।
घटना के बाद स्थानीय लोगों ने प्रशासन से पुल पर मजबूत सुरक्षा रेलिंग और अन्य सुरक्षा इंतजाम करने की मांग उठाई है, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं को रोका जा सके। एसपी सिरमौर निश्चित सिंह नेगी ने बताया कि पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के बाद परिजनों को सौंपने की प्रक्रिया पूरी की है। मामले में केस दर्ज कर आगामी जांच की जा रही है।
एक टिप्पणी भेजें