सबसे तेज खबर/पांवटा साहिब
पीएम श्री राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय पांवटा साहिब के एनसीसी कैडेट्स की ओर से किशन कोट में विशेष पौधारोपण कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम के दौरान कैडेट्स ने पर्यावरण संरक्षण का संदेश देते हुए करीब 80 पौधे रोपे। पौधारोपण कार्यक्रम की सभी व्यवस्थाएं स्थानीय प्रधान नरेंद्र चौधरी की ओर से की गईं। उन्होंने बच्चों के साथ मिलकर पौधारोपण में सहभागिता की। इस अवसर पर विद्यालय की एनसीसी प्रभारी आभा राणा के नेतृत्व में कैडेट्स ने बढ़-चढ़कर भाग लिया।
कार्यक्रम के बाद विद्यालय परिसर में एनसीसी कैडेट्स को सम्मानित किया गया। प्रधानाचार्य मुशी राम वर्मा ने विद्यार्थियों को पर्यावरण संरक्षण के साथ-साथ अनुशासन और सामाजिक जिम्मेदारी के लिए प्रेरित किया। विद्यालय के 22 एनसीसी कैडेट्स ने बडू साहिब में आयोजित 10 दिवसीय ईटीसी कैंप में हिस्सा लिया था। कैंप के दौरान विद्यार्थियों ने कबड्डी और खो-खो प्रतियोगिताओं में शानदार प्रदर्शन करते हुए बेस्ट कैडेट्स का अवार्ड भी हासिल किया। उनकी इस उपलब्धि पर विद्यालय प्रबंधन ने विशेष रूप से सम्मानित किया।
कार्यक्रम में मंच संचालन एवं संरचना का दायित्व गुलाब सिंह ने निभाया। इस दौरान जेपी तोमर, सुरेंद्र, प्रतिभा ठाकुर, राजौल ठाकुर, शांति वर्मा, नरेश, कांता ठाकुर और विनय वर्मा सहित विद्यालय का पूरा स्टाफ मौजूद रहा। कार्यक्रम में विद्यार्थियों को पर्यावरण संरक्षण और सामाजिक कार्यों में सक्रिय भागीदारी के लिए प्रोत्साहित किया गया। पौधारोपण कार्यक्रम के माध्यम से एनसीसी कैडेट्स ने प्रकृति संरक्षण का संदेश दिया। विद्यालय प्रबंधन ने कहा कि विद्यार्थियों में पर्यावरण के प्रति जागरूकता पैदा करना समय की आवश्यकता है और इस तरह के कार्यक्रम भविष्य में भी आयोजित किए जाएंगे।
एक टिप्पणी भेजें