सबसे तेज खबर /पांवटा साहिब
हिमाचल प्रदेश में सिविल सप्लाई विभाग के माध्यम से धान की खरीद के बाद किसानों को समय पर भुगतान नहीं मिलने का मामला सामने आया है। नियमानुसार किसानों को धान की फसल बेचने के 72 घंटे के भीतर भुगतान किया जाना था, लेकिन कई किसान अब तक अपनी राशि का इंतजार कर रहे हैं। इससे किसानों को आर्थिक परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। पांवटा साहिब अनाज मंडी में अब तक लगभग 200 किसानों ने धान बेचा है। इनमें से केवल 33 किसानों के खातों में ही भुगतान पहुंचा है, जबकि 167 किसान अभी भी अपनी बकाया राशि का इंतजार कर रहे हैं। वहीं, धौलाकुआं अनाज मंडी में लगभग 104 किसानों ने धान बेचा है, जिनमें से केवल 14 किसानों को भुगतान मिला है। यहां भी 90 किसानों की पेमेंट लंबित बताई जा रही है।
भारतीय किसान यूनियन (टिकैत), हिमाचल प्रदेश ने किसानों को समय पर भुगतान नहीं मिलने पर चिंता जताई है। यूनियन ने हिमाचल प्रदेश सरकार और सिविल सप्लाई विभाग से मांग की है कि किसानों की बकाया राशि का जल्द से जल्द भुगतान सुनिश्चित किया जाए, ताकि उन्हें आर्थिक परेशानियों से राहत मिल सके। किसान यूनियन ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द ही बकाया भुगतान नहीं किया गया, तो किसान अनाज मंडियों में ही धरना-प्रदर्शन करने के लिए मजबूर होंगे। यूनियन ने सरकार और संबंधित विभाग से मामले को गंभीरता से लेते हुए किसानों की समस्या का शीघ्र समाधान करने की मांग की है।
एक टिप्पणी भेजें