संगड़ाह में नशे पर पुलिस का शिकंजा, दो मामलों में तीन आरोपी गिरफ्तार, 2.95 ग्राम चिट्टा बरामद
सबसे तेज खबर/संगड़ाह,
जिला सिरमौर के पुलिस थाना संगड़ाह क्षेत्र में पुलिस ने नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत दो अलग-अलग मामलों में तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से कुल 2.95 ग्राम चिट्टा (हेरोइन) बरामद किया है। दोनों मामलों में आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।
पहले मामले में पुलिस चौकी हरिपूरधार की टीम गश्त के दौरान काल मोड़ हरिपूरधार के पास मौजूद थी। इसी दौरान गुप्त सूचना के आधार पर HP08A-3674 नंबर की कार की तलाशी ली गई। तलाशी के दौरान चालक विजय निवासी जुब्बली, तहसील कुपवी, जिला शिमला तथा आयुष्मान निवासी बरमाणा, तहसील सदर, जिला बिलासपुर के कब्जे से 0.65 ग्राम चिट्टा (हेरोइन) बरामद हुआ। दोनों आरोपियों के खिलाफ पुलिस थाना संगड़ाह में एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर आगामी जांच की जा रही है।
दूसरे मामले में पुलिस थाना संगड़ाह की टीम गश्त के दौरान सैजघाट के पास मौजूद थी। गुप्त सूचना के आधार पर पुलिस ने राम स्वरूप उर्फ बबलू निवासी गांव व डाकघर भवाई, तहसील संगड़ाह, जिला सिरमौर की तलाशी ली, जिसके कब्जे से 2.3 ग्राम चिट्टा (हेरोइन) बरामद हुआ। आरोपी के खिलाफ भी एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर पुलिस ने जांच शुरू कर दी है। पुलिस ने बताया कि जिले में नशा तस्करी के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा और ऐसे मामलों में संलिप्त लोगों के विरुद्ध सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
एक टिप्पणी भेजें