Top News

Sirmour: पिता के सपनों को साकार कर रही शिलाई की होनहार बेटी अनामिका नेगी, HPU की कबड्डी टीम में हुआ चयन..

Sirmour: पिता के सपनों को साकार कर रही शिलाई की होनहार बेटी अनामिका नेगी, HPU की कबड्डी टीम में हुआ चयन..

सबसे तेज खबर/शिलाई 

जैसे कि बुद्धिजीवियों द्वारा कहा भी जाता है कि जब किसी माता पिता का होनहार बच्चा (माँ-बाप) के दिखाए रास्तो पर चलकर ईमानदारी से कड़ी मेहनत और ईश्वर में विश्वास करके उनके सपनो क़ो साकार करता है तो उससे बढकर शायद और कोई खुशी माता पिता के लिए हो नहीं सकती,ऐसा ही एक खास उदाहरण हाल ही में देखने व सुनने क़ो मिलता है जिला सिरमौर के शिलाई गांव की होनहार कबड्डी खिलाड़ी अनामिका नेगी का चयन हिमाचल प्रदेश विश्वविद्यालय (एचपीयू) शिमला की कबड्डी टीम के लिए हुआ है।अनामिका के चयन से उनके माता-पिता, शिक्षकों, प्रशिक्षकों और क्षेत्रवासियों में खुशी की लहर है। अनामिका इससे पहले गोल्ड मेडल जीतने के साथ पांच बार राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताओं में शानदार प्रदर्शन कर चुकी हैं। क्षेत्रवासियों ने उम्मीद जताई है कि वह भविष्य में राष्ट्रीय के साथ अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भी प्रदेश और देश का नाम रोशन करेंगी। अनामिका नेगी को कबड्डी के प्रति जुनून अपने परिवार से मिला है। उनके पिता कुलदीप नेगी स्वयं राष्ट्रीय स्तर के एथलीट रह चुके हैं और विद्युत विभाग में अधीक्षक के पद से सेवानिवृत्त हुए हैं। उन्होंने हमेशा अपनी बेटियों को बेटों के समान आगे बढ़ने और खेलों में अपनी प्रतिभा दिखाने के लिए प्रेरित किया। परिवार की दो बेटियां राष्ट्रीय स्तर की कबड्डी खिलाड़ी रह चुकी हैं और खेल कोटे से शिक्षा विभाग में जेबीटी के पद पर सेवाएं दे रही हैं। तीसरी बेटी भी कबड्डी की बेहतरीन खिलाड़ी रही हैं, जबकि बेटा भारतीय सेना में देश की सेवा कर रहा है।
अनामिका नेगी की खेल यात्रा संघर्ष और दृढ़ संकल्प से भरी रही है। घुटनों में चोट लगने और दो ऑपरेशन होने के बावजूद उन्होंने कबड्डी खेलना नहीं छोड़ा। कड़ी मेहनत, लगन और माता-पिता के सहयोग से उन्होंने खेल के क्षेत्र में लगातार अपनी पहचान बनाई है। वर्तमान में वह शिलाई कॉलेज से उच्च शिक्षा प्राप्त कर रही हैं और कबड्डी के क्षेत्र में ही अपना भविष्य बनाने का लक्ष्य रखती हैं। बड़ी बहनों से भी उन्हें समय-समय पर मार्गदर्शन और सहयोग मिलता रहा है।

अनामिका की सफलता को शिलाई क्षेत्र में बेटियों को खेलों में आगे बढ़ाने के प्रयासों से भी जोड़कर देखा जा रहा है। क्षेत्र में गर्ल्स हॉस्टल खुलने से प्रतिभाशाली खिलाड़ियों को बेहतर सुविधाएं मिलने के साथ अभिभावकों को भी आर्थिक राहत मिलने की उम्मीद है। वहीं, जिला सिरमौर कबड्डी संघ के जिलाध्यक्ष कुलदीप राणा, ग्यार सिंह नेगी, जवाहर देसाई सहित कई लोगों की ओर से क्षेत्र की प्रतिभाओं को मंच उपलब्ध कराने और उन्हें प्रोत्साहित करने में योगदान दिया जा रहा है। अनामिका नेगी की उपलब्धि पर सोशल मीडिया और विभिन्न माध्यमों से उन्हें तथा उनके परिवार को बधाइयां मिल रही हैं। पिता कुलदीप नेगी का सपना रहा है कि उनकी बेटियां राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाएं। अनामिका का एचपीयू कबड्डी टीम में चयन इसी सपने की ओर एक और महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। क्षेत्रवासियों ने अनामिका के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए उम्मीद जताई कि वह अपनी मेहनत और प्रतिभा के दम पर आने वाले समय में बड़ी उपलब्धियां हासिल करेंगी।

स्वतंत्र लेखक : हेमराज राणा, सिरमौर

Post a Comment

और नया पुराने

ads3

सबसे तेज खबर

ads2

सबसे तेज खबर

🎧 LIVE FM RADIO




🔊 Volume