जिला सिरमौर के पांवटा साहिब में भारत-नेपाल की अंडर-14 बालिका हॉकी भिड़ंत, GNMPS ने दर्ज की जीत..
सबसे तेज खबर/ पांवटा साहिब (नीलम ठाकुर)
जिला सिरमौर के पांवटा साहिब स्थित जीएनएमपीएस की मुख्य शाखा में भारत और नेपाल की अंडर-14 बालिका हॉकी टीमों के बीच मैत्री मुकाबला आयोजित किया गया। रोमांचक मुकाबले में जीएनएमपीएस की टीम ने जीत हासिल की। इस आयोजन का उद्देश्य युवा पीढ़ी को नशे से दूर रखकर खेलों के प्रति प्रोत्साहित करना और जमीनी स्तर पर हॉकी को बढ़ावा देना रहा।
कार्यक्रम में एसडीएम पांवटा साहिब द्विज गोयल (आईएएस) मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। उनके साथ विशिष्ट अतिथि गुरदीप सिंह गैरी और इंद्रजीत सिंह मिक्का भी मौजूद रहे। इसके अलावा जीएनएमपीएस के निदेशक गुरजीत सिंह सैनी, प्रधानाचार्य गुरविंदर चावला, बलजीत सिंह नागरा, मास्टर गेम्स जिला सिरमौर के अध्यक्ष नीरज माहेश्वरी तथा मां यमुना हॉकी क्लब के अध्यक्ष गुरनाम सिंह विशेष रूप से उपस्थित रहे।मां यमुना हॉकी क्लब के सचिव जाफर अली और कार्यकारी सदस्य सुरजीत कश्यप सहित अन्य अतिथियों ने भी कार्यक्रम में भाग लिया। नेपाल से आई सामाजिक हस्तियों और हॉकी टीम का स्वागत किया गया। आयोजन के दौरान खिलाड़ियों को खेल भावना, अनुशासन और आपसी सहयोग का संदेश दिया गया। कार्यक्रम में वक्ताओं ने कहा कि नेपाल में हॉकी के बुनियादी ढांचे को और मजबूत करने की जरूरत है, जबकि भारत में हॉकी ने अंतरराष्ट्रीय स्तर पर उल्लेखनीय उपलब्धियां हासिल की हैं। नेपाल की टीम का पांवटा साहिब आना भारतीय हॉकी की कार्यप्रणाली को करीब से समझने और खेल के अनुभव साझा करने का अवसर रहा। खिलाड़ियों ने यहां के अनुभव को उत्साहजनक बताया।वक्ताओं ने मां यमुना हॉकी क्लब को सफल आयोजन के लिए बधाई देते हुए कहा कि इस तरह के मैत्री मुकाबले बच्चों में हॉकी के प्रति रुचि बढ़ाने और उन्हें नशे से दूर रखने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकते हैं। खेलों को बढ़ावा देने के लिए सभी सहयोगियों के प्रयासों की सराहना की गई। उम्मीद जताई गई कि ऐसे आयोजनों से भविष्य में कई प्रतिभाशाली खिलाड़ी उभरेंगे और देश-प्रदेश का नाम रोशन करेंगे।
एक टिप्पणी भेजें