सिरमौर:पांवटा साहिब में 90 सफाई कर्मचारी हड़ताल पर, चरमराने लगी शहर की सफाई व्यवस्था..
सबसे तेज खबर/ पांवटा साहिब
शहर की सफाई व्यवस्था संभालने वाले नगर परिषद पांवटा साहिब के करीब 90 सफाई कर्मचारियों के काम बंद करने से शहर में सफाई व्यवस्था प्रभावित होने का खतरा बढ़ गया है। विभिन्न मांगों को लेकर कर्मचारियों के हड़ताल पर जाने के बाद यदि आंदोलन लंबा खिंचता है तो शहर के अलग-अलग हिस्सों में कूड़ा जमा होने और गंदगी फैलने की स्थिति पैदा हो सकती है। सफाई कर्मचारियों का कहना है कि उन्हें ईएसआई का लाभ नहीं मिल रहा है। इसके अलावा छुट्टियों से जुड़ी समस्याओं के साथ-साथ ड्यूटी को लेकर भी कर्मचारियों में नाराजगी है। कर्मचारियों के अनुसार हाल ही में उन्हें एक निर्धारित वार्ड के बजाय जरूरत के मुताबिक अन्य वार्डों में भी सफाई कार्य के लिए भेजने के निर्देश दिए गए हैं। इसी मुद्दे को लेकर कर्मचारियों ने काम बंद कर दिया है। वहीं नगर परिषद की ईओ कंचन बाला ने स्पष्ट किया कि सफाई कर्मचारियों के वेतन को लेकर कोई समस्या नहीं है। उन्होंने बताया कि कर्मचारियों का वेतन सीएलसी नाहन के माध्यम से आता है। नगर परिषद की ओर से कर्मचारियों की हाजिरी भेजकर बिल प्राप्त किया जाता है, जिसके बाद भुगतान की प्रक्रिया पूरी की जाती है।
ईओ कंचन बाला ने बताया कि ईएसआई से संबंधित मांग को लेकर कर्मचारियों को पहले भी नाहन जाकर आवश्यक दस्तावेज जमा करवाने के लिए कहा गया था, लेकिन कर्मचारी वहां नहीं गए। उन्होंने कहा कि मौजूदा समय में कर्मचारियों की मुख्य आपत्ति दूसरे वार्डों में ड्यूटी लगाए जाने को लेकर है। नगर परिषद के अनुसार कर्मचारियों की आठ घंटे की ड्यूटी के दौरान जरूरत के हिसाब से किसी भी वार्ड में सफाई कार्य के लिए तैनाती की जा सकती है। नगर परिषद की ओर से इस मामले को लेकर 5 अक्तूबर को हाउस की बैठक बुलाई गई है। बैठक में सफाई कर्मचारियों की हड़ताल, उनकी मांगों और ड्यूटी से जुड़े विवाद पर चर्चा की जाएगी। इसके बाद हड़ताल को लेकर आगामी कार्रवाई पर निर्णय लिया जाएगा। फिलहाल कर्मचारियों के काम बंद करने से शहर की सफाई व्यवस्था को लेकर लोगों की चिंता बढ़ गई है।
एक टिप्पणी भेजें